एक माह तक सजा काटने वाले जनप्रतिनिधि को पद मुक्त विधेयक पारित होने पर जताया हर्ष

नगर विधायक राजीव गुम्बर ने केंद्रीय मंत्रियों को दी बधाई
सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर गंभीर अपराधों में गिरफ्तारी एवं 30 दिन की हिरासत की स्थिति में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों को पद से हटाने संबंधी विधेयकों पर बधाई दी।
विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी नैतिकता व कानून के दायरे में लाना लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भी गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भी उन्होंने अमित शाह से मार्गदर्शन प्राप्त किया। वहीं, विधायक राजीव गुम्बर ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को ऑनलाइन गेमिंग बिल लाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग की वजह से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा था, लेकिन सरकार ने बड़े राजस्व को नजरअंदाज कर लोकहित को प्राथमिकता दी है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया।
