अपने स्वागत से गदगद हुए अम्बेडकर वाहिनी के अध्यक्ष

- सहारनपुर में सपा विधायक संजय गर्ग के आवास पर मुख्य अतिथि का स्वागत करते कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी एससी/एसटी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष आकाश पंवार खटीक के नेतृत्व में सपा अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाईलाल भारती का सहारनपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़ को देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाईलाल भारती ने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की रिकार्ड मतों से जीत होने का भी दावा किया।
गौरतलब है कि सपा अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाईलाल भारती अपने प्रदेशव्यापी दौरे के अंतर्गत बीती रात सहारनपुर पहुंचे थे जहां सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग के शिविर कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने सपा एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश पंवार खटीक के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र व संविधान बचाने की खातिर सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में सपा ही देश व प्रदेश में आपसी भाईचारा कायम रखकर भाजपा जैसी घोर जातिवादी व साम्प्रदायिक पार्टी का सफाया करने में सक्षम है।
एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आकाश पंवार खटीक ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रकोष्ठ का प्रत्येक कार्यकर्ता जीजान से सपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करेगा ताकि प्रदेश की जनता को भाजपा से निजात दिलाई जा सके। स्वागत कार्यक्रम को भूषण दत्त चौहान, ऋषिपाल सिंह, जैलसिंह लाम्बा, सीताराम आदि ने भी सम्बोधित किया।