सपा में होती है परिवारवाद की राजनीति: स्वतंत्र देव सिंह

सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी कोई दल नहीं है क्योंकि वहां पर सिर्फ जातिवाद को बढ़ावा दिया जाता है और परिवारवाद की राजनीति ही होती है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आज यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। इस दौरान मीडियाकर्मियों ने उनसे अखिलेश यादव के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि अखिलेश के बारे में क्या सवाल करते हो, उनके बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा में अखिलेश यादव की जगह कोई नहीं ले सकता क्योंकि वहां पर सिर्फ परिवारवाद की राजनीति की जाती है। हाल ही में हो रहे आजमगढ़ लोकसभा सीट के उपचुनाव में भी यही देखने मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबको साथ लेकर चलती है। सबका विकास, सबका साथ की नीति पर चलकर ही भाजपा काम कर रही है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भाजपा सरकार की ओर से गरीब जनता के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं जिससे जनता में उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण हो रहा है तथा गरीबों को मुफ्त राशन देने का काम किया जा रहा है।