भाजयुमो कार्यकर्ताओं को बताई पार्टी की नीति-रीति

- सहारनपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रशिक्षण शिविर के समापन का दृश्य।
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद कांता करदम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राजनीतिक दल ही नहीं बल्कि एक विचारधारा है जिसका लक्ष्य बिना किसी जाति व धर्म के आधार पर राष्ट्रवाद की भावना का विकास कर भारत को पुन: विश्वगुरू बनाना है।
सांसद कांता करदम आज यहां दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित भाजयुमो के प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनसंघ से लेकर वर्तमान तक भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और इस दौरान किए गए जनहितैषी कार्यों पर प्रकाश डालते हुए जनता के बीच जाकर उनका प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया ताकि लोगों को जाति व धर्म के नाम पर भड़काने वाले राजनीतिक दलों का सफाया किया जा सके।
प्रशिक्षण शिविर में पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री हर्षवद्र्धन, नगर विधायक राजीव गुम्बर, महापौर संजीव वालिया ने भी कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों व सिद्धांतों से अवगत कराया। प्रशिक्षण का समापन भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो के क्षेत्रीय मंत्री प्रवीण भड़ाना व संचालन भाजयुमो महानगर अध्यक्ष सत्यार्थ प्रकाश ने किया।
इस दौरान पूर्व विधायक जगपाल सिंह, भाजयुमो महानगर महामंत्री हितेश शर्मा, राहुल झाम्ब, मीडिया प्रभारी आशु अरोड़ा, सोशल मीडिया प्रभारी मुकुल मोगा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।