हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, एक युवक की दर्दनाक मौत
- सहारनपुर में देहरादून हाइवे पर दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार।
बिहारीगढ़। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत सहारनपुर हाईवे पर गांव शेरपुर अड्डे के पास एक कार डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और तीन अन्य युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बिहारीगढ़ घायलों को इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर भर्ती कराया और मृतक के शव को कब्जेमें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर रात करीब साढ़े 10 बजे एक कार सहारनपुर से बिहारीगढ़ की तरफ जा रही थी। बताया जाता है कि जैसे ही कार शेरपुर अड्डे के पास पहुंची तभी हाइवे पर सड़क का नया निर्माण कार्य चलने के कारण रूट डायवर्ट करने के लिए कार्यदाई संस्था ने हैवी डिवाइडर सड़क के बीच लगा रखे थे, कार तेज रफ्तार की वजह से कार को चालक नियन्त्रित नहीं कर सका और कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान कार में सवार चारों युवक लहुलुहान हो गए और कार क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर कार के समीप राहगीर एकत्र हो गए जिन्होंने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इस दौरान कुछ देर तक रोड पर जाम भी लगा रहा।
मौके पर पहुंची बिहारीगढ़ पुलिस ने कार की खिड़की तोड कर घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी फतेहपुर भिजवाया जहां डॉक्टरों ने एक युवक 20 वर्षीय शाहबाज पुत्र खुर्शीद निवासी गांव तेलपुरा थाना बुग्गावाला को मृत घोषित कर दिया। इसी गांव के रहने वाले बाकी तीन घायलो में शामिल सादिक पुत्र साजिद की हालत गंभीर बताते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। अन्य घायलों में सरफराज पुत्र मोहम्मद आकिल व मंसूर अली पुत्र न्यामुल हसन (इनाम) निवासी तेलपुरा को प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया है।
चर्चा है कि कार सवार गंभीर रूप से घायल सादिक देहरादून में कार मैकेनिक है जो अपनी शादी के लिए दोस्तों के साथ सहारनपुर कपड़े खरीदने गया था घर लौटते हुए यह दुर्घटना घटित हो गई। थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच पड़ताल करने जुटी हुई है।
