सभी समस्याओं का एकमात्र हल पश्चिम प्रदेश का निर्माण: आसिम मलिक

सभी समस्याओं का एकमात्र हल पश्चिम प्रदेश का निर्माण: आसिम मलिक
  • सहारनपुर में श्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक का दृश्य।

सहारनपुर [24CN] । पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव आसिम मलिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है तथा गुंडागर्दी, लूटपाट, बलात्कार व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर ही उत्तर प्रदेश का विकास संभव है। आसिम मलिक आज यहां इंद्रप्रस्थ कालोनी में आयोजित मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, लूटपाट व बलात्कार की घटनाएं सर्वाधिक हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है जिस कारण प्रदेश सरकार विफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में मोर्चा कार्यकर्ता काफी अरसे से पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण की मांग कर रहे हैं परंतु सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी समस्याओं का एकमात्र हल उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटा जाना है। इसलिए जब तक उत्तर प्रदेश को चार भागों में नहीं बांटा जाएगा तब तक उत्तर प्रदेश के हालात कोई नहीं सुधार सकेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 26 जिले प्रदेश सरकार को 80 प्रतिशत राजस्व देते हैं। जबकि यहां के विकास पर 19 प्रतिशत ही खर्च किया जाता है जो यहां की जनता के साथ घोर अन्याय है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरक्की व खुशहाली के लिए प्रदेश को चार भागों में बांटकर पश्चिम उत्तर प्रदेश के 26 जिलों व छह मंडलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण ही सभी समस्याओं का एकमात्र हल है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नीरज कपिल ने कहा कि विद्युत विभाग के हालात इतने गम्भीर हो चुके हैं कि लोगों से नए कनैक्शन के नाम पर विद्युत अधिकारी कई हजार रूपए ऐंठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विद्युत विभाग के अधिकारियों ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो मोर्चा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक का संचालन नगर मंत्री मंसूर मलिक ने किया। इस दौरान सुमित वर्मा, गौरव त्यागी, शाहनवाज, स. गुरविंदर सिंह बंटी, रविंद्र चौधरी, अभिषेक, सद्दाम मलिक, राजेंद्र मान, अरविंद कपिल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढे >>  हाथरस हत्याकांड पर यूपी विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- फिर सवालों के (24city.news)