दिल्ली नगर निगम में सीटों की संख्या निर्धारित, परिसीमन के बाद कम होंगी 22 सीटें

दिल्ली नगर निगम में सीटों की संख्या निर्धारित, परिसीमन के बाद कम होंगी 22 सीटें
  • नंवबर में वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होगी तुरंत निगम चुनाव की घोषणा हो सकती है। इसी क्रम में केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम में सीटों की अधिकतम संख्या 250 निर्धारित की है। 42 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

नई दिल्ली ।  राजधानी दिल्ली के तीनों निगमों को एक किए जाने के बाद वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया के बीच जल्द चुनाव होने की चर्चा है। निगम सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने पर तुरंत चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से दी गई स्वीकृति के मुताबिक इस बार दिल्ली नगर निगम के लिए 250 सीटें निर्धारित कर दी गई हैं।

इसी क्रम में केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम में सीटों की अधिकतम संख्या 250 निर्धारित की है। 42 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। फिलहाल, तीनों निगम का एकीकरण होने से पहले एमसीडी में कुल सीटों की संख्या 272 थी, 22 सीटें परिसीमन के बाद कम हो जाएंगी।

दरअसल, काफी दिन पहले दिल्ली नगर निगम के परिसीमन के लिए कमेटी की बैठक हुई थी। इस बैठक में डायरेक्टरेट ऑफ सेन्सस ऑपरेशन, जिओ स्पेशियल दिल्ली, एमसीडी, रेवेन्यू डिपार्टमेंट, मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय और दिल्ली सरकार के अधिकारी शामिल हुए थे।

कमेटी के चैयरमैन ने बताया कि एमसीडी के 250 वार्ड का परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर होना है। दिल्ली नगर निगम के एकीकरण के बाद अब वार्डों की संख्या 250 निर्धारित कर दी गई है जो कि पहले 272 थी। वहीं, दिल्ली के भीतर सभी विधानसभाओ में कम से कम 3 वार्ड होंगे। साथ ही सभी वार्ड की जनसंख्या एक समान या फिर अधिकतम 10 प्रतिशत के वेरिएशन में होगी।