नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर में बुधवार देर चलीं तेज हवाओं से मौसम का मिजाज ही बदल गया। एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है। गुरुवार सुबह कई इलाकों में हुई बारिश के कारण ठंड बढ़ गई।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया और संभावना जताई है कि आज दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर बताया कि आज बादल के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही हवाएं 30 से 40 किलोमीटर की स्पीड से चलेंगी। ऐसा शुक्रवार तक रह सकता है लेकिन शनिवार को वापस धूप खिलेगी। 6 से 8 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रहेगा।
वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबाा,स्पीति, कुल्लु, शिमला समेत सभी ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के मौसम विभाग प्रमुख सुरेंद्र पाल ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार बर्फबारी का समय लंबा है। आने वाले 48 घंटे काफी ठंडा होगा।
मौसम विभाग की ओर से बुधवार देर रात जारी सूचना में दिल्ली एनसीआर व आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना बताई गई थी। इसके अलावा उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार को बर्फबारी व भारी बारिश के साथ ओले भी गिरने की संभावना है। इसके कारण दोनों राज्यों में 3 फरवरी को आरेंज अलर्ट और उत्तराखंड में 4 फरवरी को आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वी भारत में भी अगले तीन दिनों को दौरान न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे दो तीन डिग्री बढ़ सकता है। इससे पहले सोमवार को मौसम विभाग ने मासिक अनुमान में कहा था कि फरवरी माह में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम तापमान रहने के आसार हैं। पंजाब और हरियाणा में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है।
बता दें कि फरवरी के पहले ही दिन मंगलवार को राजधानी दिल्ली में इस मौसम का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। एयरपोर्ट के साथ-साथ सभी इलाकों में दृश्यता का स्तर प्रभावित हुआ। इससे ठिठुरन भरी ठंड भी बढ़ गई। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक-एक डिग्री कम दर्ज हुआ।
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान रहा 23.4 डिग्री
बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक 23.4 डिग्री रहा। IMD ने बताया कि गुरुवार को राजधानी दिल्ली में बारिश की पूरी संभावना है। बुधवार सुबह यहां कोहरा था और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा।