हिंदू जागरण मंच की मासिक बैठक में मंदिरों में हुई चोरी व अपवित्रता की घटनाओं पर चिंता व्यक्त
- सहारनपुर में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हिंजामं के पश्चिमी उ.प्र. अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह।
सहारनपुर। हिंदू जागरण मंच महानगर की मासिक बैठक में जनपद के मंदिरों में हुई चोरी एवं अपवित्रता की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। शास्त्री नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने थाना देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ शंकलापुरी मंदिर में शिवलिंग के अपवित्र एवं खंडित होने तथा मंदिर से घंटे व अन्य सामान चोरी होने, साथ ही ग्राम पंचायत दतोली रांघड़ स्थित माता मंशा देवी मंदिर से छत्र, कैमरों की डीवीआर, इन्वर्टर बैटरी सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाओं को गंभीर षड्यंत्र करार दिया।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पवित्र माह में मंदिरों को अपवित्र करने की ये गतिविधियाँ कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती हैं। साथ ही मेरठ व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी हिंदू धार्मिक स्थलों की पवित्रता भंग करने की घटनाएँ चिंता का विषय हैं।
ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ संगठनों के संरक्षण में ऐसी गतिविधियाँ चल रही हैं, जिनका उद्देश्य देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क व सजग रहने का आह्वान किया। बैठक में जिलाध्यक्ष मांगे राम त्यागी, प्रांत मंत्री शिवम जोगी, प्रांत सह प्रचार प्रमुख रजत गोयल, धर्मपाल कश्यप, अनिल कुमार, प्रभात सैनी, बबलेश कांबोज, अबल सिंह, अंजेश कांबोज, आशीष सैनी, आर्यन, लक्ष्य, शिवम, राहुल सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
