वन राज्यमंत्री ने शाकम्भरी रेंज कार्यालय पर पौधा लगाकर किया अभियान का शुभारम्भ

वन राज्यमंत्री ने शाकम्भरी रेंज कार्यालय पर पौधा लगाकर किया अभियान का शुभारम्भ
  • सहारनपुर में बेहट में राहत चौपाल को सम्बोधित करते वन राज्यमंत्री के. पी. सिंह।

बेहट। उत्तर प्रदेश वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री के. पी. सिंह ने सिद्धपीठ श्री शाकम्भरी रेंज कार्यालय में पौधा लगाकर पौधारोपण अभियानका शुभारम्भ किया। तत्पश्चात उन्होंने बेहट के जनता इंटर कालेज में आयोजित राहत चौपाल में बाढ़ व जलभराव से पीडि़त लोगों को राहत सामग्री वितरित की।

उत्तर प्रदेश के वन राज्यमंत्री के. पी. सिंह का बेहट व आसपास के गांवों में भापाइयों ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया तथा पश्चात राज्यमंत्री का काफिला सिद्धपीठ शाकम्भरी देवी परिक्षेत्र स्थित शाकम्भरी रेंज कार्यालय पहुंचा जहां उन्होंने पौधा लगाकर पौधारोपण अभियान की शुरूआत की। इसके बाद राज्यमंत्री के पी. सिंह ने बेहट के जनता इंटर कालेज में आयोजित राहत चौपाल व राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में बाढ़ पीडि़तों को राहत सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री के. पी. सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा पौधारोपण अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे क्योंकि सरकार पर्यावरण को लेकर बहुत गम्भीर है। उन्होंने धरती मां के बिना जीवित रहना मुश्किल है। इसलिए धरती मां के आभूषण पेड़-पौधे होते हैं जो हमसे कुछ लेते नहीं बल्कि हमें फल व वातावरण देते हैं।

उन्होंने कोरोनाकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब पूरे विश्व में कोरोना महामारी के दौरान आक्सीजन की जरूरत पड़ी थी तो लोगों को पेड़-पौधों से ही आक्सीजन मिली थी। उन्होंने कहा कि सरकार जल भराव एवं बाढ़ पीडि़तों के साथ खड़ी है। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने कहा कि पेड़ धरती पर जीवन का प्रतीक है। पेड़ों के बिना धरती पर मानव का जीवन असंभव है। इसलिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जल भराव एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जा रही है। जहां ऐसी समस्या आई है वहां स्वास्थ्य टीम लगाकर दवाई का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं राहत चौपालें लगाकर प्रभावितों की समस्याओं को भी गम्भीरता से लिया जा रहा है।

इस दौरान राज्यमंत्री के. पी. सिंह ने बाढ़ प्रभावित करीब 250 लोगों को राहत सामग्री व 10 किसानों को बीज की किट वितरित की। इस मौके पर पशुपालन, स्वास्थ्य व अन्य विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, साहब सिंह पुंडीर, अभय राणा, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, एडीएमएफ रजनीश कुमार मिश्र, एडीएमई अर्चना द्विवेदी, एसडीएम दीपक कुमार, तहसीलदार प्रकाश सिंह, डीएफओ शिवालिक श्वेता सेन, डीएफओ सामाजिक वानिकी गौतम राय, डीसीडीएफ के चेयरमैन सोनेंद्र राणा, संजीव कर्णवाल उर्फ बोबी, पं. अमन कौशिक, अनिल सिंघल, जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम, सुभाष सैनी आदि मौजूद रहे।