जनता ने निगम के विकास कार्यो पर भी मुहर लगायी: मेयर

जनता ने निगम के विकास कार्यो पर भी मुहर लगायी: मेयर
  • सहारनपुर में पार्षदों की बैठक को सम्बोधित करते महापौर संजीव वालिया।

सहारनपुर [24CN]। मेयर संजीव वालिया ने कहा है कि प्रदेश में जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर जहां योगी सरकार के निष्पक्ष, विकासोन्मुखी और सुशासन पर मुहर लगायी है वहीं सहारनपुर में भाजपा को जिता कर जनता ने निगम के विकास कार्यो पर भी मुहर लगायी है। उन्होंने कहा कि शहर के नवनिर्वाचित विधायक राजीव गुंबर के साथ बैठकर सहारनपुर को आगे ले जाने के लिए योजनाएं बनायी जायेगी और मुख्यमंत्री जी से मिलकर उन योजनाओं को धरातल पर उतारा जायेगा।

मेयर संजीव वालिया नगर निगम में उत्तर प्रदेश और सहारनपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर खुशियां साझा करते हुए पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रदेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल पर जनादेश दिया है। मेयर ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर को एक लाख 43 हजार से अधिक वोट मिलना जहां प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों का समर्थन हैं वहीं राजीव गुंबर की जनता के बीच अपनी सक्रियता, संगठन के कार्यकर्ताओं का परिश्रम और निगम के विकास कार्यो का परिणाम है। उन्होंने कहा कि निगम ने गत चार वर्ष में बिजली और नालों-सड़कों के निर्माण के रुप में जितने कार्य कराये है उतने पिछले पचास साल में भी नहीं किये गए हैं।

मेयर ने कहा कि महानगर में जो विकास कार्य अधूरे है उन्हें शीघ्र पूरा कराया जायेगा। शहर को कूड़ा मुक्त शहर बनाने के लिए तेजी से कार्य किया जायेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के लिए मानकमऊ में रोडवेज को स्थान दे दिया गया है। शहर के बस अड्डे को भी शिफ्ट करने की योजना है उसके लिए रोडवेज के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।

नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सभी स्मार्ट सिटी में यह प्रावधान है कि बस अड्डे शहर से बाहर रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता को राहत मिले और योजनाएं भी प्रभावित न हो यह प्रयास किया जा रहा है। इससे पूर्व मेयर संजीव वालिया ने भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर निगम के सभी पार्षदों के साथ खुशियां साझा करते हुए बधाई दी और चुनाव में दिए गए सहयोग के लिए आभार जताया।

उन्होंने पार्षदों को आश्वस्त किया कि निगम बोर्ड आगे भी सभी पार्षदों के सहयोग से उसी तरह चलाया जायेगा जैसे अभी तक चलता रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, विधायक मेयर और पार्षद सबका होता है। इस मौके पर नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बुके भेंट कर तथा बड़ी संख्या में पार्षदों ने बुके व माल्यार्पण तथा पगड़ी पहना कर मेयर संजीव वालिया को बधाई दी। उन्होंने सभी के बीच मिष्ठान भी वितरित कराया।