मस्जिदों में लाऊडस्पीकर से अजान देने का मामला

  • छुटभैया नेता मुल्क का माहौल खराब करने में लगे: उलमा

देवबंद [24CN]: विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा मस्जिदों में लाऊडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर उलमा का कहना है कि कुछ छुटभैया नेता मुल्क का माहौल खराब करने पर लगे हुए हैं। केंद्र व राज्य सरकार को चाहिए कि ऐसे लोगों से सख्ती से निपटने का काम करें।

बृहस्पतिवार को प्रतिक्रिया देते हुए मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी ने कहा  कि लाऊडस्पीकर से अजान देने का मुद्दा जनता की ओर से नहीं उठाया जा रहा है बल्कि कुछ छुटभैया नेता इस तरह के मुद्दे को उठा रहे हैं। जिनकी राजनीति पूरी तरह दफन हो चुकी है। कहा कि देश और प्रदेश में ऐसी सरकार है जो सबको साथ लेकर चल रही है। इस सरकार ने ऐसे छुटभैया नेताओं की राजनीति को खत्म कर दिया है। इसलिए अब यह इस तरह के मुद्दे उठाकर माहौल में नफरत का जहर घोल रहे हैं। ताकि माहौल खराब कर सरकारों को बदनाम किया जा सके। मुफ्ती असद कासमी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इनकी दुकानों को बंद कर दिया है इसलिए अब यह धर्म की राजनीति करना चाह रहे हैं। सरकार इनके खिलाफ कार्रवाई करे।