भाजपा सरकारों में ही महिलाओं के हित सुरक्षित: कर्दम

- सहारनपुर में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन का मंचीय दृश्य।
सहारनपुर [24CN]। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद कांता कर्दम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश की आधी आबादी को उनके घरों में सुरक्षित करने का काम किया है तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई हैं जिसका फायदा प्रत्येक महिला को मिल रहा है। सांसद कांता कर्दम आज यहां देव गार्डन में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं क्योंकि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हर स्तर पर महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं ताकि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में जहां महिलाओं की कोई सुनवाई नहीं होती थी, वहीं भाजपा सरकारों ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ का नारा देकर एक ऐतिहासिक काम किया है जिसके चलते देश व प्रदेश में महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा व पूर्व विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि भाजपा में ही महिलाओं का हित सुरक्षित है तथा भारतीय जनता पार्टी ने संगठन से लेकर सरकार में महिलाओं को भागीदारी देने का काम किया है ताकि महिला वर्ग को सशक्त बनाया जा सके।
कार्यकर्ता सम्मेलन को जिलाध्यक्ष रक्षा नामदेव, महामंत्री सारिका शर्मा, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश चौधरी ने भी सम्बोधित किया। सम्मेलन का संचालन कंचन धवन, उषा उपाध्याय व सारिका शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सिमरन गुम्बर, पूजा शर्मा, निकिता, कविता, कोमल, सरिता सिंह समेत भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।