सांसद इकरा हसन के भव्य स्वागत से गूंजा सहारनपुर, टिंकू अरोड़ा के आवास पर हुआ सम्मान समारोह

- सहारनपुर में कैराना की सांसद इकरा हसन का स्वागत करते सपा नेता।
सहारनपुर। लोकप्रिय सांसद इकरा हसन का मंगलवार को सहारनपुर नगर विधानसभा प्रभारी और पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के आवास पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ हुए इस आयोजन में सर्व समाज के लोगों की भारी मौजूदगी रही। टिंकू अरोड़ा एवं उनके परिवार द्वारा सांसद का शॉल ओढ़ाकर, मुकुट और पगड़ी पहनाकर भव्य सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद इकरा हसन ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को मिटाने पर आमादा है और आज देश का संविधान खतरे में है। समाजवादी पार्टी पीडीए के माध्यम से इन साजिशों को नाकाम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में सामाजिक और आर्थिक विषमता को समाप्त नहीं करना चाहती, बल्कि समाज को बांटने और नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और आरक्षण को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जिसे समाजवादी पार्टी हर हाल में रोकने का संकल्प ले चुकी है।
पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि आज समाजवादी पार्टी और उसके कार्यकर्ता ही जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। भाजपा सरकार की टैक्स नीति और तानाशाही रवैये से आम जनता त्रस्त है। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मांगे राम कश्यप, जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, बृजेश इंजीनियर, अनुज मदनुकी, सरदार गुरविंदर बजाज, साहब सिंह, गिन्नी सिंह, रवि कश्यप, दीपक कश्यप, नितिन पंडित, कार्तिक ठकराल, घनश्याम जाटव, नितिन जाटव, राजकुमार वाल्मीकि, सनी केसला, लाला वाल्मीकि, ऋषभ शर्मा, नितिन गर्ग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।