शासन ने जारी की स्थानीय निकायों के आरक्षण की सूची
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर आज उत्तर प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की सूची जारी कर दी गई है। सहारनपुर नगर निगम के महापौर का पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा तीन दिन पूर्व सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के पार्षद/सभासद पदों के लिए आरक्षण की सूची जारी कर दी गई थी। बाद में नगर निगमों के महापौर, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों की सूची शुक्रवार को घोषित करने की घोषणा की गई थी परंतु ऐन मौके पर नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा की प्रेसवार्ता टाल दी गई थी। आज उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की सूची जारी कर दी गई है।
सहारनपुर नगर निगम के महापौर का पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है। नकुड़ व सरसावा नगर पालिका का चेयरमैन पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि गंगोह व देवबंद नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद को अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है। सुलतानपुर चिलकाना नगर पंचायत पद महिला तथा तीतरो नगर पंचायत चेयरमैन पर अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि रामपुर मनिहारान, बेहट, अब्बेहटा पीर, छुटमलपुर व नानौता के चेयरमैन पदों को अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है।