वर्तमान सरकार का लक्ष्य विकास और गरीब का उत्थान: उप मुख्यमंत्री

वर्तमान सरकार का लक्ष्य विकास और गरीब का उत्थान: उप मुख्यमंत्री
  • सहारनपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को वर्चुअल सम्बोधित करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

सहारनपुर [24CN]। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज देश व प्रदेश में विकास कार्यों की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा व विकास से सम्बंधित मांगों को पूरा किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए औपचारिक रूप से एक माह के भीतर स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इन परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कराया जाए।

उन्होंने सहारनपुर क्षेत्र के अंतर्गत 89053.22 लाख रूपये की 291 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यस करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गुण्डाराज और भ्रष्टाचार को खत्म कर सबका साथ-सबका विकास तथा सबका विश्वास के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अन्दर गरीब कल्याण, किसान कल्याण तथा विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का मतलब भ्रष्टाचार मुक्त, सरकार तथा गरीबों और किसानों का विकास है। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनहित के कार्यों तथा जनप्रतिनिधियों और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में जितना पैसा केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा भेजा जाता है उतना पैसा लाभार्थी को मिलता है। उन्होने कहा कि हमारा लक्ष्य उत्तर प्रदेश की 24 करोड जनता का विकास तथा उनके जीवन में खुशहाली लाना है।

श्री केशव मौर्य ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रत्येक नागरिक को सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य विकास, गरीबों का उत्थान, बेरोजगार को रोजगार, किसान की आमदनी बढाने के साथ बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्कूल टॉपर बच्चों के घरों और विद्यालयों तक सडक, शहीदों के घरों तक सडक, खिलाडिय़ों के घरों तक सडक बनाने का कार्य करने के साथ ही विभिन्न जन कल्याणकारी कार्य वर्तमान सरकार कर रही है। इस अवसर पर आयुष मंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी, विधायक देवेन्द्र निम, कुवंर बृजेश सिंह, चौ. किरत सिंह, महापौर संजीव वालिया, जिलाध्यक्ष भाजपा महेन्द्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण और लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।