युवती को प्रेमजाल में फंसा किया गैंगरेप, रिपोर्ट दर्ज

  • दुष्कर्म के एक अन्य मामले में पति, देवर और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

देवबंद [24CN]: प्रेमजाल में फंसाकर युवती को साथियों संग गैंगरेप करने  व दुष्कर्म के एक अन्य मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर महिला सहित छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के मंगलौर थानाक्षेत्र निवासी एक युवती ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया था कि कुछ समय पूर्व हरिद्वार स्थित हरकी पौड़ी पर उसकी मुलाकात राजस्थान के अजमेर निवासी माधवलाल से हुई थी। जिसने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि गत 3 मार्च को माधवलाल उसे श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी के दर्शन कराने के लिए लाया और यहां से कार द्वारा वह उसे बहाने से तलहेड़ी बुजुर्ग गांव के निकट एक स्थान पर ले गया। आरोप लगाया कि वहां माधवलाल ने पहले से मौजूद अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में वह उसे बदहवास हालत में वहीं छोडकर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने देवर पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं महिला ने अपने पति और ससुरालियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले में पति, देवर और सास के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।