जनपद में अकीदत के साथ मनाया गया ईदुल अजहा का त्यौहार

जनपद में अकीदत के साथ मनाया गया ईदुल अजहा का त्यौहार
  • सहारनपुर में ईदुल अजहा के पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एसएसपी।

सहारनपुर [24CN]। ईदुल अजहा का त्यौहार महानगर व जनपद में पूरी अकीदत के साथ मनाया गया। महानगर की ईदगाह में शहर काजी नदीम अख्तर ने सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए ईदुल अजहा की नमाज अता कराई। जबकि जामा मस्जिद में पेश इमाम कारी अरशद गोरा द्वारा ईदुल अजहा की नमाज अता कराई गई। नमाज के बाद अकीदतमंदों ने अपने घरों में जानवरों की कुर्बानी की। ईदुल अजहा के पर्व पर जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का पालन करते हुए जनपद व महानगर में ईदुल अजहा का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया।अम्बाला रोड स्थित ईदगाह में सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए अकीदतमंदों ने नमाज अता की। नमाज से पूर्व शहर काजी नदीम अख्तर ने ईदुल अजहा की फसीलत बयान करते हुए कहा कि इस त्यौहार में इस्लाम धर्म को मानने वाले लोग अल्लाह की रजा के लिए उसकी राह में कुर्बानी करते हैं। इस्लाम में जहां नमाज, रोजा, जकात और हज फर्ज की गई हैं, उसी तरह कुर्बानी भी एक फर्ज इबादत है।

इस त्यौहार की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पैगम्बर सुन्नते इब्राहिम और इस्लाम में इसका बड़ा महत्व है। यह त्यौहार हमें इंसानियत व त्याग का संदेश देता है। साथ ही हमें अपने वतन से मोहब्बत करना भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन हमें इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि उनके अमल से किसी पड़ौसी अथवा व्यक्ति को कोई तकलीफ न पहुंचे। सभी मिलकर सद्भाव व शांति के साथ इस त्यौहार की खुशियां बांटें। नगर की जामा मस्जिद में पेश इमाम कारी अरशद गौरा ने ईद की नमाज अता कराई। नमाज से पहले उन्होंने खुतबा पढ़ा। नमाज के बाद अकीदतमंदों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। उसके बाद सभी ने अपने-अपने घरों में पहुंचकर अल्लाह की राह में जानवरों की कुर्बानी दी। इसके अलावा महानगर की एकमिनार मस्जिद, घंटाघर मस्जिद, मस्जिद कुतुबशेर, कलक्ट्रेट मस्जिद, साउथ सिटी मस्जिद, नूरबस्ती मस्जिद, चौकी सराय मस्जिद समेत महानगर की तमाम मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदुल अजहा की नमाज अता की।

ईदुल अजहा की नमाज के मद्देनजर एक ओर जहां जिला प्रशासन द्वारा रूट डायवर्जन कराया गया था। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. एस. चन्नपा के अलावा जनपद में तैनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदुल अजहा के त्यौहार के मद्देनजर जनपद में शांति व सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए निरंतर भ्रमणशील रहकर धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया तथा मुस्लिम समुदाय के लोगों को सौहाद्र्र व भाईचारे के साथ त्यौहार बनाने तथा कोरोना महामारी की रोकथाम के मद्देनजर सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके अलावा ट्रैफिक वार्डनों द्वारा मुस्तैदी से ड्यूटी की गई। जबकि एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, नगर मैजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी, सीओ सिटी सी. पी. शर्मा ने जामा मस्जिद पर कैम्प कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।