भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ किसानों ने धरना शुरू किया
सहारनपुर [24CN] । बलियाखेड़ी विकास खंड के गांव रत्नाखेड़ी निवासी एक किसान ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर पेड़ कटाई रूकवाने का आरोप लगाते हुए परिजनों के साथ भाजपा जिला कार्यालय के समक्ष धरना शुरू कर दिया। जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने ऊपर लगाए गए आरोप को निराधार बताया है। मिली जानकारी के अनुसार बलियाखेड़ी विकास खंड के गांव रत्नाखेड़ी में किसान आजाद सिंह व उसके चाचा बुल्ला के बीच मुस्तर की जमीन पर खड़े पेड़ों को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि बीस दिन पूर्व आजाद ने अपनी लड़की की शादी के कारण पेड़ों की कटाई शुरू करवा दी थी जिस पर बुल्ला ने ऐतराज जताया था। बताया जाता है कि बुल्ला भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी के पास पहुंचा था जिस पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह को फोन किया था, जिस पर एसडीएम सदर ने पेड़ों की कटाई रूकवा दी थी।
आजाद का आरोप है कि उनके बीच समझौता होने के बावजूद भी उनके बीस दिन पूर्व कटे पड़े उन्हें न तो उठाने दिए जा रहे हैं और न ही शेष पेड़ों की कटाई करने दी जा रही है। इस कारण आज आजाद सिंह ने अपने परिजनों के साथ भजापा जिला कार्यालय के समक्ष जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी पर आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। उधर जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने बताया कि उन पर लगाया गया आरोप निराधार है। उनका इस मामले से कोई लेनादेना नहीं है। यह गांव के लोगों के बीच आपसी रंजिश का विवाद है जो एसडीएम सदर के यहां चल रहा है।