कूड़ा डालने वालों की प्रवर्तन दल कर रहा निगरानी

- सहारनपुर में पुल खुमरान के निकट नदी की सफाई करते निगम कर्मचारी व मशीन।
सहारनपुर। मंगलवार को भी नगर निगम का पांवधोई स्वच्छता अभियान जारी रहा। रोस्टर के अनुसार पुल खुमरान से पुल दालमण्डी तक पोकलेन मशीन व सफाई कर्मचारियों द्वारा नदी की सफाई का कार्य किया गया। अभियान की शुरुआत 9 नवम्बर को विश्वास नगर ( पूर्व में जुलमगढ़ ) से की गयी थी। उधर प्रवर्तनदल ने सुबह के समय नदी की निगरानी भी शुरु कर दी है।
नगरायुक्त गजल भारद्वाज के निर्देश सहायक नगरायुक्त अशोक प्रियगौतम के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने मंगलवार को भी पांवधोई नदी की सफाई और उसे स्वच्छ करने के लिए अभियान जारी रखा। एक पोकलेन व एक दर्जन से भी अधिक सफाई कर्मचारी अभियान में लगाये गए है। मंगलवार को पुल खुमरान से पुल दालमण्डी तक सफाई अभियान चलाया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रवर्तन दल ने भी सुबह के समय नदी की निगरानी शुरु कर दी है।
इस दौरान जो भी लोग नदी में कूड़ा डालते पाये जायेंगे उन पर भारी जुर्माना लगाया जायेगा। उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर से शुरु किये गए नदी सफाई अभियान के दौरान गत सोमवार को धोबीघाट से पुल दालमण्डी तक एक जनजागरुकता रैली भी निकाली गयी थी। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा दुकानदारों को जागरुक करने का अभियान निरंतर चलाया जायेगा। उन्होंने लोगों से नदी में कूड़ा कचरा और सीवर पाईप न डालने की अपील करते हुए नदी को साफ रखने में निगम को सहयोग देने पर जोर दिया।