मानवता के दुश्मन हैं उदयपुर की घटना को अंजाम देने वाले: गर्ग

  • पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने जालिमों की कड़े शब्दों में निंदा की

सहारनपुर [24CN]। पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग ने कहा कि-उदयपुर की घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि जिस तरह दो लोगों ने मिलकर जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया और उसका वीडियो वायरल किया, उससे हर कोई आहत है। ऐसे लोग मानवता के दुश्मन हैं। इस्लाम हो या कोई और धर्म, इस तरह के कृत्य की कोई इजाजत नहीं देता। मुस्लिम धर्म गुरु व समाज के हर तबके के लोग इसकी निंदा कर रहे हैं। राजस्थान सरकार को चाहिए कि इन जालिमों को जल्द से जल्द , सख्त से सख्त सजा दिलाए।

प्रेस को जारी बयान में संजय गर्ग ने कहा कि इतिहास साक्षी है कि वहशतें टकराती हैं,तहजीबें नहीं। इस्लाम धर्म हो या हिंदू धर्म या कोई और धर्म, खून खराबे और मारकाट की इजाजत कोई नहीं देता। इस तरह की घटनाएं सभ्य समाज के लिए कलंक की तरह हैं। हमें मानवता की रक्षा करनी चाहिए। ऐसा कोई वर्ताव नहीं करना चाहिए, जिससे कि आपसी वैमनस्य फैले और सामाजिक सौहार्द बिगड़े।

संजय गर्ग ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में जिस तरह का माहौल देश में बन रहा है, वह शुभ संकेत नहीं देता। इसलिए समाज के सभ्य और जागरूक लोगों को खुद सजग रहना होगा। सांप्रदायिकता देश की तरक्की में बाधा ही बनेगी। देश तभी प्रगति कर सकता है जब किसी के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार न हो। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी को मिलजुल कर रहना चाहिए। संविधान में किसी तरह का भेदभाव नहीं है। हमारी साझा संस्कृति मोहब्बत का पैगाम बांटती रही है। हमें उसी राह पर चलना है।