केंद्र व उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकारों ने बहाई विकास की गंगा: गुम्बर
सहारनपुर। सहारनपुर नगर विधानसभा सीट के भाजपा विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में भी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में चहुंमुखी विकास हो रहा है जिसकी चर्चा देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हो रही है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा अपनी उपलब्धियों के दम पर केंद्र पर पुन: सरकार बनाएगी।
नगर विधायक राजीव गुम्बर आज यहां दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। नगर विधायक श्री गुम्बर ने कहा कि भाजपा शासनकाल में देश व प्रदेश भ्रष्टाचार मुक्त हुआ है तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्रों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। जबकि इससे पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में विकास के लिए भेजे जाने वाले धन का मात्र 15 प्रतिशत धन ही लाभार्थी को मिल पाता था जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी स्वीकार किया था। उन्होंने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जनपद में कराए गए विकास कार्यों का बखान करते हुए बताया कि पहले सहारनपुर में कोई भी सड़क ऐसी नहीं थी जिस पर आसानी से यात्रा की जा सके परंतु भाजपा सरकार बनने पर जनपद सहारनपुर में सड़कों का जाल बिछाने का काम किया गया है।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर अंतर्राज्यीय बस स्टैंड के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है। अगली कैबिनेट बैठक में अंतर्राज्यीय बैस स्टैंड के निर्माण कार्य के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि शाकम्भरी देवी परिसर में पर्यटन सम्बंधी सुविधाओं के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी गई थी। इसी तरह सहारनपुर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यकरण के लिए भी 349 करोड़ रूपए का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। ढमोला नदी पर पुल का निर्माण कराया गया है। इसी तरह विश्वकर्मा चौक पर भी नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी तरह नागल-टपरी मार्ग पर दो ओवरब्रिजों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी-कथनी में अंतर नहीं है। भाजपा जो कहती है उसे पूरा करके दिखाती है।
नगर निगम के महापौर डा. अजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार प्राथमिकता के आधार पर बिना जाति व धर्म के सभी लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा केंद्र में पुन: सरकार बनाने का काम करेगी। वार्ता के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमपाल कटारिया व मीडिया सह संयोजक गौरव गर्ग भी मौजूद रहे।