जिलाधिकारी ने की हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगाये गये तिरंगों को ससम्मान उतारने की अपील
सहारनपुर [24CN]। जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूरे जनपद में जन सामान्य द्वारा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाये गये तिरंगे जो 13 अगस्त से 15 अगस्त तक लगाये जाने थे को अब सम्मान के साथ झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुए उतारा जाए। भारतीय राष्ट्रीय झंडा संपूर्ण राष्ट्र के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
इस संदर्भ में उन्होने कहा कि प्रत्येक घर में झंडा उतारते समय कुछ तथ्यों को ध्यान रखा जाना चाहिए। तिरंगे का उपयोग किसी उत्सव, थाली, या अन्य तरीके की सजावट में नहीं किया जायेगा एवं राष्ट्रीय ध्वज पानी में, जमीन या फर्श या पगडंडी को नहीं छूना चाहिए। तिरंगे का प्रयोग किसी मेज को ढकने के लिए नहीं किया जायेगा। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग किसी वस्तु को लपेटने, कोई वस्तु प्राप्त करने या वितरित करने के लिए नहीं किया जायेगा। इसको कुशन, रूमाल, नैपकिन आदि के रूप में प्रयोग नहीं किया जायेगा।
