किसानों की दशा में सुधार के बिना देश का विकास संभव नहीं: चौ. रूद्रसेन

  • पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें सपाइयों ने किया नमन

सहारनपुर [24CN] । पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण नमन करते हुए उनके आदर्श और सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि किसानों की आर्थिक दशा में सुधार किए बिना देश की प्रगति संभव नहीं है। कस्बा तीतरों के ग्राम झाड़वान स्थित फार्म हाउस पर सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया।

सपा जिला अध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को किसानों का सच्चा मसीहा बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उनकी समस्याओं का निदान किया और अपने शासनकाल में उन्होंने किसानों के उत्थान को जो कार्य किए वह आज तक भी याद किए जाते हैं। चौ. रूद्रसैन ने कहा कि चौधरी चरण सिंह वास्तव में इमानदारी व किसानों के सच्चे मसीहा की प्रतीकात्मक थे जिन्होंने जब जब समय मिले तब तब किसानों का उत्थान ही किया। आज हमें उनके आदर्शों व सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता है तभी किसानों का उद्धार हो सकता है।

उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक उन्नति के लिए किसानों की दशा में व्यापक सुधार करना होगा क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने कहा था कि देश की खुशहाली का रास्ता गांव से ही होकर जाता है। ऐसे में किसानों की आर्थिक दशा में सुधार किए बिना देश की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों की आय को दोगुना करने का दावा तो करती है, लेकिन आज तक भी किसानों की मूलभूत समस्याओं का भी निराकरण नहीं किया गया है, जिस कारण आज किसानों की आर्थिक स्थिति अत्याधिक कमजोर है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता संकल्प करते हैं कि किसानों के हितों की लड़ाई सडक़ से संसद तक लड़ी जाएगी और उन्हें उनके अधिकार दिलाए जाएंगे। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन प्रतिनिधि चौधरी प्रवीन बान्दूखेड़ी, मुस्तफा प्रधान, जबर सिंह, बलकार चौधरी, विनोद चौधरी इमरान आदि मौजूद रहे।