shobhit University Gangoh
 

भाजपा कार्यकर्ता की वृद्ध मां का निधन, तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा था पिटाई का आरोप

भाजपा कार्यकर्ता की वृद्ध मां का निधन, तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा था पिटाई का आरोप

कोलकाता । बंगाल के उत्तर 24 परगना में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की वृद्ध मां का निधन हो गया है। मृतक शोभा मजूमदार 85 साल की थीं। एक महीने पहले यह मामला प्रकाश में आया था, जब भाजपा ने तृणमूल कार्यकर्ताओं पर घर में घुसकर पिटाई का आरोप लगाया था।

वहीं तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय ने पिटाई की वजह से हुई मौत का खंडन किया है। उन्होंने कहा, एक महीने पहले भाजपा कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार का तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ झगड़ा हुआ था।

इस दौरान गोपाल गिर गए और उनकी मां को लगा कि बेटे पर हमला हुआ है। इसके बाद वह गिर पड़ीं। उन्हें पहले से भी कई बीमारी थी। उनकी मौत से हम सबको दुख है लेकिन इसका उस झगड़े से कुछ लेना देना नहीं है।’

अमित शाह व जेपी नड्डा ने दी श्रद्धांजलि

-गृहमंत्री अमित शाह ने भी मृतक को श्रद्धांजलि दी है। शाह ने कहा कि परिवार का दर्द और घाव लंबे समय तक ममता दीदी को परेशान करता रहेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल हिंसामुक्त और महिलाओं के लिए सुरक्षित समाज के लिए संघर्ष करेगा।

वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘शोभा मजूमदार जी की आत्मा को शांति मिले। उन्हें अपनी जान से केवल इसलिए ही हाथ धोना पड़ा क्योंकि उनका बेटा भाजपा का कार्यकर्ता था। वह बंगाल की मां और बेटी थीं। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।’

बताते चलें कि उत्तर 24 परगना जिले के निमता थाना क्षेत्र के उत्तर दमदम में 27 फरवरी को भाजपा कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार पर कुछ बदमाशों ने हमला किया। मजूमदार की मां ने दावा किया कि उन्हें और उनके बेटे को तूणमूल कांग्रेस के गुंडों ने पीटा और यह कि उन्होंने उनके बेटे को इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताने की धमकी दी। लेकिन पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा समर्थक की मां पर हमला नहीं किया गया और उनका चेहरा किसी बीमारी के कारण सूज गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की अब तक पहचान नहीं हो पायी है क्योंकि वे मास्क लगाए हुए थे। उन्होंने कहा कि इस घटना की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता एवं पारिवारिक विवाद समेत सभी कोणों से जांच की जा रही है।

Jamia Tibbia