दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाई जाए
अभियोजन से जुडे सभी अधिवक्ता एवं अधिकारी एक टीम भावना के तहत कार्य करें
सहारनपुर [24CN]। जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विपिन ताडा एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी की उपस्थिति मंे सायं 04ः30 बजे केलक्ट्रेट सभागार में अभियोजन शाखा की मासिक बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अभियोजन के संबंध में की गयी कार्यवाही की समीक्षा की। इसके तहत पोक्सो, गैंगस्टर, फौजदारी के मामलों के अन्तर्गत हत्या, आत्महत्या, दहेज हत्या, पुलिस मुठभेड, दुष्कर्म से संबंधित प्रकरणों एवं उन पर चल रही कार्यवाही की बिन्दुवार समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होने निर्देश दिए कि समन, नोटिस एवं तामीला की कार्यवाही यथाशीघ्र एवं सही तरीके से करना सुनिश्चित किया जाए ताकि अदालत की कार्यवाही में प्रगति लाई जा सके। पोक्सो के मामलों के संबंध में उन्होने निर्देश दिए कि गंभीर मामलों को चिन्हित करवाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलवाने का कार्य करें।
श्री विपिन ताडा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के प्राथमिकता के क्रम में अपराधियों को यथाशीघ्र सजा दिलवाना है। इस कार्य को हम सभी एक टीम भावना में कार्य करके पूर्ण कर सकते है और अपराधियों को सजा दिलवाकर समाज को अपराधमुक्त किया जा सकता है एवं समाज में एक बेहतर संदेश जाए। इसके लिए अभियोजन की कार्यवाही में प्रभावी पैरवी किया जाना आवश्यक है। अपराधियों को दण्ड दिलाकर ही हम परिणाम को बेहतर कर सकते है।
सरकार द्वारा दिये गये लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त गैंगस्टर एक्ट में चिन्हित दोषियों पर अदालत की कार्यवाही को जल्द पूर्ण कर सजा दिलवाने का कार्य यथाशीघ्र किया जाए। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि दोषियों को बख्शा न जाए एवं निर्दोष पर कार्यवाही न हो।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक अभियोजन श्रीमती रूबी यादव, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्री राजीव गुप्ता, जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व श्री अजय त्यागी, जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल श्री उमेश त्यागी सहित सभी शासकीय अधिवक्ता एवं अभियोजन अधिकारी मौजूद थे।
