कांग्रेस की गौरव यात्रा में नहीं उमड़ी भीड़, आयोजकों के हाथ लगी निराशा
![कांग्रेस की गौरव यात्रा में नहीं उमड़ी भीड़, आयोजकों के हाथ लगी निराशा](https://24city.news/wp-content/uploads/2022/08/9spur8.jpg)
- सहारनपुर में देवबंद में गौरव यात्रा निकालते कांग्रेसजन।
देवबंद [24CN]। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर अगस्त क्रांति के दिन शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए कांग्रेस द्वारा निकाली गई आजादी की गौरव यात्रा फ्लाप शो साबित हुई। आजादी की गौरव यात्रा में अपेक्षित भीड़ न जुटने के चलते कांग्रेसजनों को निराशा का सामना करना पड़ा। देवबंद के सुभाष चौक से आजादी की गौरव यात्रा को प्रदेश महासचिव व मंडल प्रभारी डा. संजीव शर्मा, प्रदेश सचिव व जनपद प्रभारी गौरव भाटी, जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा को रवाना करने से पूर्व कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डा. संजीव शर्मा, प्रदेश सचिव गौरव भाटी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, यात्रा के संयोजक राहत खलील, नगराध्यक्ष तंजीम सिद्दीकी व ब्लाक अध्यक्ष अजय त्यागी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज हमें इस बात का गर्व है कि जिन लोगों ने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है, वे सभी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के झंडे के नीचे खड़े थे।
वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों ने स्वाभिमानी व आत्मनिर्भर भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। आजादी के बाद कांग्रेस की सभी सरकारों ने उनके सपनों को पूरा करने के लिए कार्य किया और मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की। गौरव यात्रा सुभाष चौक से आरम्भ होकर भायला चौक, एमबीडी चौक, जामा मस्जिद, तिब्बत कालोनी होते हुए साखन खुर्द पहुंची। इस दौरान महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, मनीष त्यागी, चंद्रजीत सिंह निक्कू, दुष्यंत राणा, अब्दुल कादिर त्यागी, नरेंद्र, मौ. तौफीक, कुलदीप सेठ, शफीक जंग, मौ. वसीम, हरविंद्र कश्यप, अनवार सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।