पृथक प्रदेश निर्माण ही सभी समस्याओं का एकमात्र हल: मलिक
सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सभी विभागों में पूर्वी उत्तर के लोगों का कब्जा है। युवा बेरोजगार है। लूटपाट, गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है जो उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के लिए भी बहुत बड़ा नुकसान है।
आसिम मलिक आज यहां महफूज गार्डन में आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कर्मचारी तैनात हैं जो आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं तथा किसी भी विभाग में बिना रिश्वत के काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांट दिया जाए तो उत्तर प्रदेश का विकास संभव है। अलग प्रदेश बनने से विकास की पहल होगी। गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार खत्म होगा जिससे उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे राज्यों के निर्माण से ही देश की उन्नति सम्भव है। उत्तर प्रदेश के विभाजन से 24 करोड़ लोगों को लाभ होगा तथा चार अलग प्रदेश बनने से देश का भी आर्थिक विकास होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। यूएसए की जनसंख्या 34 करोड़ है तथा 50 राज्य हैं। इस हिसाब से उत्तर प्रदेश में 30 से अधिक राज्य होने चाहिए। बैठक की अध्यक्षता व संचालन भूपेंद्र सिंह ने किया। बैठक में दिलशाद, वली मौहम्मद, अमीर अख्तर, मेहताब, सुमित वर्मा, गौरव त्यागी, शाहनवाज, स. गुरविंदर सिंह बंटी, रविंद्र चौधरी, अभिषेक, अरविंद कपिल आदि मौजूद रहे।