देवबंद में ईंट भट्ठे पर पथेर करने जा रहे दंपित्त को मारी गोली, गम्भीर घायल

देवबंद में ईंट भट्ठे पर पथेर करने जा रहे दंपित्त को मारी गोली, गम्भीर घायल
  •  गोली की घटना के बाद मौके पर आपस में बातचीत करते ग्रामीण

देवबंद [24CN] : दिन निकलते ही दम्पत्ति को गोली मारकर घायल करने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आनन फानन मे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नगर के सीएचसी में भर्ती कराया जहंा से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

देवबंद कोतवाली के गांव हुलाशगढ़ निवासी पंकज कुमार पुत्र देशराज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह चार बजे उसका चाचा रकम सिंह (40) व चाची रीना देवी (38) अपने बच्चों मोहिनी, तनु, आदित्य और शिवा के साथ साइकिलों से ईस्माइलपुर ईंट भट्ठे पर ईटों की पथेर करने घर से निकले थे। करीब 4.30 बजे जब वह ईस्माइलपुर के जंगल में मेघश्याम के ट्यूबवैल के समीप पहुंचे तो इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली चाची रिना देवी के कंधे से होकर चाचा रकम सिंह को जा लगी। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर खेतों के रास्ते फरार हो गए।

इसी दौरान ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची 112 नंबर की पुलिस ने गंभीर घायल रकम सिंह और रीना देवी को उपचार के लिए देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पंकज ने पुलिस से मामले की जांच कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाल प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि घायल रकम सिंह व उसकी पत्नी एक साइकिल पर सवार थे। जबकि चारों बच्चे दो अलग-अलग साइकिलो पर थे। जानकारी मिली कि बच्चे जब कुछ आगे निकल गए तो उसी दौरान उनके माता-पिता को गोली मारकर गंभीर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लूट का नहीं रंजिश का लग रहा मामला: अतुल शर्मा
देवबंद: दम्पत्ति को गोली मारने के मामले में एस पी देहात अुतल शर्मा ने बताया कि यह लूट का मामला नहीं है। प्रथम दृष्टता मामला रंजिश का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हमलावर जल्द पुलिस के शिकंजे में होंगे।