एमएसएमई सैक्टर समृद्ध होने से देश होगा मजबूत: सडाना

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते आईआईए के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना ने कहा कि आईआइए ने प्रदेश के एमएसएमई सैक्टर के उत्थान व समृद्धि के सम्बंध में राजनीतिक पार्टियों के चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए कुछ प्रस्ताव तैयार किए हैं। यदि राजनीतिक पार्टी आईआईए के प्रस्ताव को अपने घोषणा पत्र में शामिल कर चुनाव जीतने के बाद इन्हें क्रियान्वित करती है तो प्रदेश की आधी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा जिससे प्रदेश की आर्थिक व समृद्धि भी प्रशस्त होगी।
चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना आज यहां आईआईए कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र का महापर्व विधानसभा चुनाव आने वाले हैं जिसके लिए विभिन्न राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने तरीके से मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास में जुट गई हैं। शीघ्र ही राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने चुनाव घोषणापत्र भी जारी करेंगी जिसमें वे मतदाताओं की भलाई के लिए कुछ वायदे भी करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल जनसंख्या में बल्कि एमएसएमई की संख्या में अन्य राज्यों की तुलना में देश में प्रथम स्थान रखता है। देश की कुल एमएसएमई की संख्या में उत्तर प्रदेश के एसएसएमई की संख्या में 14.20 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 89.99 लाख एमएसएमई स्थापित हैं जिनमें 165.26 लाख मतदाता कार्य कर रहे हैं जिसके चलते 255.25 लाख परिवारों का भरण-पोषण एमएसएमई सैक्टर सीधे तौर पर कर रहा है। इसके अतिरिक्त अप्रत्यक्ष रूप से भी लाखों लोग एमएसएमई सैक्टर से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लगभग आधी आबादी का जीवन तभी समृद्ध हो पाएगा जब एमएसएमई सैक्टर समृद्ध होगा।
वार्ता के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के. आर. सिंघल, हरियाणा प्रभारी आर. के. धवन, मंडलीय अध्यक्ष अशोक बजाज, अशोक गांधी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष स. हरजीत सिंह, चैप्टर सचिव प्रियेश गर्ग, कोषाध्यक्ष सुनील सैनी, विनय दहुजा, परमजीत सिंह, सतीश अरोड़ा, सुरेंद्र मोहन कालरा, संदीप गुप्ता, राही मक्कड़ आदि मौजूद रहे।