संविधान लोगों के बीच जरूरी भरोसा और सहयोग विकसित करता हैं-जिलाधिकारी

संविधान लोगों के बीच जरूरी भरोसा और सहयोग विकसित करता हैं-जिलाधिकारी

सहारनपुर [24CN]। जिलधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने संविधान दिवस पर कहा कि हमारा संविधान हमें साथ रह रहे विभिन्न तरह के लोगों के बीच जरूरी भरोसा और सहयोग विकसित करता है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान यह स्पष्ट करता है कि सरकार का गठन कैसे होगा और किसे फैसले लेने का अधिकार होगा। सरकार के अधिकारों की सीमा तय करता है और हमें बताता है कि नागरिकों के क्या अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान अच्छे समाज के गठन के लिए लोगों की आकांक्षाओं को व्यक्त करता है।

श्री अखिलेश सिंह आज यहां कलेक्ट्रेट सभागार में संविधान दिवस के अवसर पर शपथ दिलाने के उपरांत कर्मियांे को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि संविधान उद्देशिका की सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। ‘‘हम, भारत के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न, समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य, बनाने के लिये, तथा उसके समस्त नागरिकों को, सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिये, तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखण्डता, सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिये दृढ़संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज तारीख 26 नवम्बर, 1949 ई. (मिति मार्गशीर्ष शुक्ला सप्तमी,संवत् दो हजार छः विक्रमी) को एतद्द्वारा इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान हम सभी को पूर्ण आजादी प्रदान करता है और देश की कानून व्यवस्था का मजबूत आधार है। हम सभी को संविधान का आदर करना चाहिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्रीमती अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व) श्री रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट श्री विवेक चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री किंशुक श्रीवास्तव कलेक्ट्रेट के सभी कर्मी उपस्थित थे।