राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने महिला जनप्रतिनिधियों को राजनैतिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होने के लिए किया प्रोत्साहित

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने महिला जनप्रतिनिधियों को राजनैतिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होने के लिए किया प्रोत्साहित
सहारनपुर में जनमंच सभागार में कार्यक्रम का शुभारम्भ करती राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर।
  • महिलाएं बेहतर कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदर्शित कर आमजनों के मध्य बनाएं अपनी पहचान
  • राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने दी महिलाओं को सशक्त करने वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

सहारनपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर की अध्यक्षता में जनमंच सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग एवं दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के सहयोग से ’शी ईज ए चेंज मेकर’ एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पदों पर मण्डल के तीनों जनपदों की लगभग 500 निर्वाचित महिलाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रीय महिला आयोग भारत सरकार की अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर उनका संवेदीकरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय अध्यक्ष ने कहा कि जनपद में आज यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है जो खुशी का विषय है। पंचायती राज व्यवस्था में  महिलाओं को आरक्षण मिला था जिसे अब विधानसभा एवं लोकसभा में भी लागू कर दिया गया है। महिला हर गांव एवं श्रेत्र में प्रगति करे। आप लोगों को जनता की सेवा का इतना बड़ा अवसर मिला है। निर्वाचित महिलाएं परिवार का सहयोग लेते हुए स्वयं कार्य करें। सरकार ने बड़ा अवसर दिया है इसलिए आप समस्याओं को स्वयं हल करें। पुरुषों को चाहिए कि पत्नी, एवं बेटियों का सहयोग करे। महिलाएं भी पुरुषों से सहयोग से आगे बढ़ती है। सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखे एवं आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें। सोशल मीडिया का बेहतर ढंग से प्रयोग कर कार्य करे।

इससे आमजन के मध्य आपकी प्रशंसा होती है। उन्होने महिला जनप्रतिनिधियों को राजनैतिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होने कहा कि आधी आबादी का मजबूत होना बहुत जरूरी है। उन्होने बेटी बचाओ-बेटी पढाओ के स्लोगन को सशक्त करने पर बल दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री अवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजनाओं का उल्लेख किया। विभिन्न योजनाओं में दिए जाने वाले बैंक लोन की जानकारी दी तथा सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी लेकर महिलाओं तक पंहुचाने का सशक्त माध्यम बनें एवं अपनी पहचान बनाएं। अध्यक्ष ने कहा कि अभिभावकों को समझाते हुए बाल विवाह रोकने का भी प्रयास करे।

महिलाओं को लोन संबंधी विभिन्न योजनाओं के बारे में बताकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करें। सरकार की योजनाओं को साथ लेकर चले। आप बदलाव एवं विकास का संकल्प लेकर गांवों को आगे बढ़ाएं। हम आपके साथ है। सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाएं किए जाने वाले बेहतर कार्यों को प्रदर्शित कर आमजनों के मध्य अपनी पहचान बनाएं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि महिलाएं महिला शक्ति ही नहीं बल्कि चेंज मेकर है।

जहां का जनप्रतिनिधि सशक्त होता है वंहा विकास होता है। महिला जो आधी आबादी को प्रेजेंट करती है वह त्याग, बलिदान एवं संवेदनशीलता का प्रतीक है। महिलाएं अपने अधिकारों का प्रयोग करे। कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर पंचायत वेबसीरीज में महिला प्रधान की भूमिका निभाते हुए क्लिप दिखाई गई।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जॉइंट मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा, उपजिलाधिकारी श्वेता पांडे सहित राष्ट्रीय महिला आयोग एवं दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Jamia Tibbia