टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी के खिलाफ बजाया जाएगा आंदोलन का बिगुल

- सहारनपुर में रालोद की बैठक को सम्बोधित करते चौ. नीरपाल सिंह
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक अप्रैल से टोल टैक्स में 12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करके देश की जनता के साथ कुठाराघात किया है जिसे रालोद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिन के अंदर टोल टैक्स की बढ़ोत्तरी वापस नहीं ली गई तो टोल प्लाजाओं पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
चौ. नीरपाल सिंह आज यहां हकीकत नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स बढ़ोत्तरी के खिलाफ सभी किसान यूनियनों व सामाजिक संगठनों को भी विरोध प्रदर्शन के लिए आगे आना चाहिए। इस बाबत वह भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत से मिलकर वार्ता करके आंदोलन की रणनीति पर चर्चा करेंगे। बाकी संगठनों से भी वार्ता की जाएगी। इसके अलावा परिवहन मंत्री नितिन गड़करी को सामूहिक रूप से मांग पत्र भेजा जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई नहीं होती तो आगे का कदम उठाया जाएगा।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शमीम अहमद, अनुज वर्मा व चौ. अरविंद मलिक ने कहा कि पहले से ही आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। ऊपर से सरकार आए दिन टैक्सों में बढ़ोत्तरी करके जनता का खून चूस रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में सतीश एडवोकेट, नरेंद्र सिरोही, रिंकू सोनकर, मौ. शमी, चौ. महीपाल सिंह, चौ. मनोज, प्रदीप कुमार, सूरज सिंह, दिनेश चौधरी, माधोसिंह, राजेश तोमर, विपिन मलिक, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।