अज्ञात व्यक्ति का शव राजवाहे में तैरता मिला

- सहारनपुर के नानौता में राजवाहे से शव निकालते ग्रामीण।
नानौता। थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव रजवाहा में तैरता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
थाना पुलिस ने बताया कि मोहल्ला सरावज्ञान निवासी मेहरबान द्वारा थाने पर सूचना दी गई कि गांव कुतुबपुर के पास सिजूड रजवाहा की पुलिया में एक शव फंसा हुआ है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को पानी से निकलवाया और पंचनामा भर कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया है। मौके पर शव की शिनाख्त नही हो सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 8 बजे डायल 112 पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर स्थित राजवाहे में एक लाश तेरती दिखी है। मौके पर पहुंची पुलिस को लाश नहीं मिल सकी थी। आशंका जताई जा रही है कि वही शव पानी में बहकर यहाँ तक पहुंचा है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की आयु करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही है और शव एक से दो दिन पुराना लग रहा है। मृतक के सिर और पेट पर चोट के निशान हैं, और दाहिने हाथ पर अंग्रेजी के अक्षरों में एकेपी लिखा हुआ है। पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।