पेड़ से लटका मिला युवक का शव, फैली सनसनी

- सहारनपुर में बिहारीगढ़ में युवक के शव का पंचनामा भरती पुलिस।
बिहारीगढ़ [24CN]। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत गांव शेरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर अपनी भाभी को चाकू मारकर घायल करने का आरोप था।
मिली जानकारी के अनुसार थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत गांव शेरपुर निवासी इकबाल का शव आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब तीन बजे इकबाल ने घर में सो रही भाभी के साथ छेड़छाड़ की थी। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। घटना के बाद आरोपी इकबाल घर से फरार हो गया था। आज सुबह इकबाल का शव जंगल में आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला।
इकबाल का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात सूरज कुमार राय ने बताया कि मृतक इकबाल पर अपनी भाभी के साथ छेड़छाड़ का आरोप था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।