किसान विरोधी हैं केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें: कपिल

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश उपाध्यक्ष पं. नीरज कपिल ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश सत्तारूढ़ भाजपा केवल वोट की राजनीति कर रही है जिसे देश के किसान, मजदूर व गरीब आदमी की कोई परवाह नहीं है। प्रदेश उपाध्यक्ष पं. नीरज कपिल आज यहां महफूज गार्डन में आयोजित भाकियू वर्मा की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। लगातार डीजल के दाम बढऩे से ट्रांसपोर्ट महंगा होने के कारण हर चीज के दाम बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीति के चलते काला धन व भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। अमीर आदमी लगातार अमीर होता जा रहा है और गरीब, गरीब होता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मामले में कठोर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश में बढ़ते काले धन पर चुप्पी साधे हुए हैं। देश और दुनिया में बढ़की टैक्नोलॉजी के दम पर ही भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सकता है। लेकिन सरकार की गलत नीति के कारण चंद बड़े पूंजीपति घरानों को छोड़कर देश के 135 करोड़ लोग भ्रष्टाचार की चपेट में हैं। उन्होंने काला धन, भ्रष्टाचार, महंगाई, गरीबी व बेरोजगारी पर केंद्र सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग की।

प्रदेश महासचिव आसिम मलिक ने कहा कि यदि महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भाकियू वर्मा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बैठक में महानगर अध्यक्ष जहीर तुर्की, अलताफ हुसैन, फहीम हुसैन, विनोद सैनी, नरेश कुमार एडवोकेट, मौ. इकराम, महबूब हसन, केसर आलम, हाजी सुलेमान, मौ. फारूख, डा. यशपाल त्यागी, धनप्रकाश त्यागी, सुभाष त्यागी, अजीत प्रधान, नीरज, जोगेंद्र सिंह चौधरी, कालूराम आदि मौजूद रहे।