संविधान प्रदत्त आरक्षण के अधिकार को छीनने पर आमादा है भाजपा सरकार: टिंकू

सहारनपुर [24CN]। आजाद समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार चित्तौड़ ने पार्टी संगठन को सक्रिय बनाने के लिए राकेश मौर्य को सहारनपुर मंडल का मुख्य मंडल प्रभारी नियुक्त करने की घोषणा की है।

आजाद समाज पार्टी के मीडिया प्रभारी टिंकू कपिल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशाध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने संगठन को सक्रिय बनाने के लिए मंडल स्तर पर मुख्य मंडल प्रभारियों की नियुक्ति की है जिसके तहत राकेश मौर्य को सहारनपुर मंडल का मुख्य मंडल प्रभारी बनाया गया है। इसी कड़ी में ब्लाकों की सभी ग्राम पंचायतो ंमें ग्राम सभा अध्यक्षों का मनोनयन किया जा रहा है। मीडिया प्रभारी टिंकू कपिल ने बताया कि हाईकमान के दिशा-निर्देश पर जिले के कार्यकर्ता पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में जुटे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व ही जिले में सभी न्याय पंचायतों के अध्यक्षों की नियुक्ति कर ली गई थी। ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा अध्यक्षों का चयन भी लगभग पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इस समय का सबसे बड़ा मुद्दा पिछड़ों व दलितों को संविधान प्रदत्त आरक्षण के अधिकार को बचाना है क्योंकि भाजपा सरकार इसे खत्म करने की साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपकर पिछले दरवाजे से आरक्षण समाप्त करने की कोशिश हो रही है जिसका सभी को मिलकर विरोध करना होगा। उन्होंने कहा कि वास्तव में भाजपा दलित व पिछड़ा विरोधी है। इसलिए उनका संवैधानिक अधिकार छीनने की साजिश रच रही है। अलबत्ता चुनाव के समय उनका वोट लेने के लिए रोजगार देने समेत अनेक झूठे प्रलोभन देकर उनका हितैषी होने का ढोंग जरूर रचती है।