अभिषेक-हेड को जाल में फंसाने वाली वो गेंद, जिसे 4 दिन से सीख रहे थे मोहम्मद शमी; कोच ने किया खुलासा
मोहम्मद शमी IPL 2026 में छाए हुए हैं, अभी तक हुए मैचों में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली जीत में उन्होंने महत्वपूर्ण रोल निभाया था. शमी ने पॉवरप्ले में ही अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को सस्ते में आउट कर दिया. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. अब लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिन कोच कार्ल क्रो ने खुलासा किया है कि जिस गेंद पर उन्होंने अभिषेक को आउट किया, वो एक नई गेंद थी जिस पर वह 4 दिन से काम कर रहे थे.
क्रो ने बताया कि मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी कोच भरत अरुण के साथ मिलकर गेंद के नए वेरिएशन पर काम किया. ये वही गेंद थी जिस पर उन्होंने दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को आउट किया. ये स्लो वाइड गेंद थी, जिस पर अभिषेक शॉर्ट थर्डमैन की दिशा में कैच आउट हो गए. इससे पहले शमी ने फील्डिंग बदली थी, उन्होंने डीप पॉइंट पर डीप थर्डमैन के फील्डर को भेज दिया, फिर लेग स्टंप लाइन पर यॉर्कर डालकर बल्लेबाज को हैरान कर दिया. ओवर की अंतिम गेंद पर उन्होंने ऑफ साइड पर एक फील्डर लगाया और स्लिप हटा दी. वाइड स्लो गेंद डालकर उन्होंने अभिषेक को शॉट खेलने पर मजबूर किया, और बल्लेबाज भी इसमें फंस गए.
अभिषेक ने ड्राइव किया, लेकिन गति से बीट हो गए और गेंद बल्ले का किनारा लेकर शॉर्ट थर्डमैन की दिशा में गई, एम सिद्धार्थ ने डाइव लगाकर अच्छा कैच पकड़ा. शमी ने अगले ही ओवर में ट्रेविस हेड को भी ऐसी ही धीमी गति की गेंद से चकमा दिया और आउट किया.
सीखने को तैयार रहते हैं मोहम्मद शमी
क्रो ने माना कि उनमें सीखने की इच्छा हमेशा रहती है, यही चीज उन्हें अलग बनाती है. उन्होंने कहा, “सिर्फ 4 दिनों में उन्होंने उस नई गेंद के वेरिएशन पर काम किया और सीखा. ये उनकी सोच और भरत की कोचिंग का कमाल है. वह सीनियर प्लेयर हैं, लेकिन फिर भी हमेशा सीखने के लिए आतुर रहते हैं.”
मोहम्मद शमी ने बंगाल के लिए खेलते हुए 2025-26 डोमेस्टिक सीजन में भी शानदार प्रदर्शन किया था, उन्होंने कुल 68 विकेट लिए थे. हालांकि बावजूद उन्हें नेशनल टीम में नजर अंदाज किया गया. अब IPL 2026 में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें 2027 वर्ल्ड कप में खिलाने की मांग हो रही है.
