भारतीय संस्कृति रक्षा करना ही विहिप का उद्देश्य: समर्थ

भारतीय संस्कृति रक्षा करना ही विहिप का उद्देश्य: समर्थ
  • सहारनपुर में विश्व हिंदू परिषद की बैठक में मौजूद पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

सहारनपुर। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री नागेंद्र समर्थ ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद समाज को भारतीय इतिहास, धर्म संस्कृति व परम्पराओं का तथ्यात्मक स्मरण कराती है तथा मठ मंदिर, सुरक्षा, गौरक्षा, लव जेहाद व धर्मांतरण को रोकने के साथ ही सामाजिक समरसता का कार्य करती है। नागेंद्र समर्थ आज यहां आवास विकास हरि मंदिर में विश्व हिंदू परिषद की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने अतीत व वर्तमान में राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हिंदुओं के खिलाफ किए जाने वाले षडयंत्रों पर प्रकाश डालते हुए हिंदुओं से जागृत व संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिंदुओं में आई चेतना का ही परिणाम है कि आज केंद्र व अन्य प्रदेशों में धर्मसापेक्ष भाजपा की सरकार हैं तथा अभी हुए चुनाव में भी भाजपा जीती है। उन्होंने कश्मीर में हिंदुओं पर हुए अत्याचार को देखने के लिए द कश्मीर फाइल्स फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर देखने का आह्वान किया। उन्होंने महानगर में विहिप की संरचना और उसे सुदृढ़ करने के उपाय बताए। साथ ही संगठन द्वारा आगामी तीन माह में किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बैठक में उपाध्यक्ष अरूण शर्मा, विकास कश्यप, प्रचार प्रमुख प्रशांत वशिष्ठ, सम्पर्क प्रमुख संदीप सैनी, धर्म प्रसार प्रमुख अंकुर चौहान, गौरक्षा प्रमुख गौरव वालिया, बजरंग दल सह संयोजक दीपक जानखेड़ा, दुर्गा वाहिनी की सह संयोजिका कु. वाशु को बनाया गया। इस दौरान प्रांत कार्याध्यक्ष जयपाल सिंह, प्रांत सत्संग प्रमुख सुरेंद्र, प्रांत प्रचार विभाग सदस्य रमेश चंद शर्मा, प्रांत सेवा विभाग सह प्रमुख रविंद्र तोमर, महानगर मंत्री अनुज शर्मा, अभिषेक, आलोक, दिव्यांश आदि मौजूद रहे।