गुजरात में 46 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, दिल्ली सहित इन राज्यों में आज से हीट वेव की चेतावनी

- देश के कई राज्यों में इस वक्त भीषण गर्मी पड़ रही हैं। इन राज्यों को जल्द गर्मी से रहात मिलती भी नहीं दिख रही है। भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के लिए हीटवेव (Heatwave) की चेतावनी भी जारी की है।
नई दिल्ली। देश के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के बाद एक बार फिर से मौसम बदलने लगा है। दिल्ली सहित कई राज्यों में शुक्रवार से हीटवेट का अनुमान है। गुजरात के सुरेंद्रनगर में 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यूपी-बिहार, हरियाणा जैसे राज्यों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की मानें, तो गर्मी और हीटवेव से जल्द राहत मिलती नहीं दिख रही है।
राजधानी दिल्ली में आज 44 डिग्री सेल्सियस पहुंत सकता है पारा
दिल्ली में फिर से गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से हीटवेव की चेतावनी जारी की है, जोकि तीन दिनों तक चलेगी। आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार से मौसम बदलेगा, जब अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जाएगा। तीन दिनों तक हीट वेव से राहत नहीं मिलने वाली है। इसके बाद 16 मई को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।
इन राज्यों में भी हीटवेव का रहेगा कहर
दिल्ली के अलावा भी कई राज्यों में हीटवेव कहर बरपाने वाली है। राजस्थान में 12 मई से 14 मई तक हीटवेव का कहर रहेगा। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के कई इलाकों में 11 मई से ही हीटवेव पड़ने लगी है, जोकि 15 मई तक जारी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 मई को हीटवेव कहर बरपाने वाली है।
गुजरात के सुरेंद्रनगर में 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा पारा
गुजरात में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक सुरेंद्रनगर में गुरुवार को सर्वाधिक उच्चतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले भी यहां का तापमान इतना ही दर्ज किया गया था। विभाग के मुताबिक उत्तरी गुजरात और सौराष्ट्र के ज्यादातर हिस्से में शुक्रवार को भी हालात ऐसे ही बने रहेंगे और लू चलेगी। अहमदाबाद, गांधीनगर, सबरकांठा, पाटन, मेहसाणा, राजकोट, सुरेंद्रनगर, अमरेली और कच्छ जिलों को गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।