प्रशिक्षण वर्ग में भाजपाइयों को बताए पार्टी के सिद्धांत व नीतियां

- सहारनपुर में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दीप प्रज्जवलित करते राज्यमंत्री जसवंत सैनी।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि कायकर्ता पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पाएदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें ताकि भाजपा के सबका साथ सबका विकास व सबका विश्वास के मूलमंत्र को साकार किया जा सके।
राज्यमंत्री जसवंत सैनी आज यहां अग्रवाल धर्मशाला में भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पार्टी के संविधान, नीतियों व आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रवाद की नीति पर चलकर पं. श्याम प्रसाद मुखर्जी व एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार कर एक मजबूत भारत का निर्माण करने की दिशा में सकारात्मक काम कर रही है।
नगर विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बिना किसी जाति व धर्म की भावनाओं से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास करने का काम कर रही है ताकि एक मजबूत भारत का निर्माण किया जा सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता को अवगत कराने का काम किया ताकि इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम को भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, महिला मोर्चा की पूर्व महानगर अध्यक्ष रमा गुप्ता, शीतल विश्नोई, गौरव गर्ग, भूरा सिंह प्रजापति ने भी सम्बोधित किया।
इस दौरान भाजपा की महानगर इकाई के पदाधिकारी व विभिन्न अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।