30 जून की महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने में जुटें शिक्षक

- सहारनपुर में मान्यता प्राप्त शिक्षक संघ की बैठक को सम्बोधित करते अध्यक्ष डा. अशोक मलिक।
सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा.अशोक मलिक ने कहा कि 30 जून को मान्यता प्राप्त स्कूल संचालकों के लिए जीवन-मरण का सवाल है। इसलिए शिक्षक महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने में जुट जाएं। डा. अशोक मलिक मौहल्ला काजी स्थित एक एकेडमी में आयोजित शिक्षकों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार निजी स्कूलों के साथ सौतेला व्यवहार करती है। कोरोनाकाल में मृत्यु के उपरांत सरकारी स्कूल के शिक्षकों को आर्थिक सहायता दी जा रही है लेकिन निजी स्कूलों के संचालकों व शिक्षकों को मृत्यु के उपरांत कोई आर्थिक सहायता नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बहुत से स्कूल संचालकों का परिवार का मुखिया होने के कारण उनके परिवार लावारिस व बेसहारा हो गए हैं। बच्चे छोटे हैं तथा कोई कमाने वाला नहीं है। स्कूल विगत 16 माह से बंद पड़े हैं। उन्होंने स्कूल संचालकों से आगामी 30 जून को धरना स्थल पर पहुंचकर महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
बैठक को हुम्मेद खान सरोहा, अमजद अली एडवोकेट, शबाना खान, खालिदा बेगम, मुजाहिद, गयूर आलम, शाजान मोहम्मद, शबाना सिद्दीकी, अशोक सैनी, राजन व के. पी. सिंह ने भी सम्बोधित किया। बैठक की अध्यक्षता हुम्मेद खान सरोहा व संचालन अमजद अली एडवोकेट ने किया।