शिक्षक ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय ने किया जनपद का नाम रोशन

शिक्षक ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय ने किया जनपद का नाम रोशन
  • सहारनपुर में ग्रैंड फिनाले विनर शिक्षक ब्रह्मपाल सिंह परिजनों के साथ खुशी मनाते हुए।

सहारनपुर। जनपद के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय मंच पर शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने डीडी पंजाबी पर प्रसारित टीवी रियलिटी शो ‘किसमें कितना है दम ’सीजन 12 के ग्रैंड फिनाले में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपनी पहचान बनाई, बल्कि पूरे जनपद और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। यह भव्य ग्रैंड फिनाले मोहाली (पंजाब) स्थित रायत बहारा यूनिवर्सिटी में आयोजित हुआ, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय ने हर चरण में अपनी मधुर आवाज और दमदार प्रस्तुति से जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल राउंड में उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। शो के निर्माता निर्देशक वरुण बंसल ने ज्यूरी सदस्यों के साथ उन्हें प्रशस्ति पत्र, मेडल और चेक देकर सम्मानित किया और उनकी गायकी की जमकर सराहना की। उनकी प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी मंच की मोहताज नहीं होती। गांव मिजोपुर, अम्बेहटा चांद के मूल निवासी ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय वर्तमान में बलियाखेड़ी ब्लॉक में अटेवा मंच के ब्लॉक अध्यक्ष भी हैं और पूर्व में मा.वि. टपरी खुर्द में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।  ब्रह्मपाल सिंह उपाध्याय का कहना है कि वे भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों और परिषदीय स्कूलों के बच्चों को इस तरह के मंचों पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे ताकि छिपी हुई प्रतिभाओं को सही दिशा मिल सके।


Leave a Reply