स्वामी प्रसाद मौर्य का बयान दुर्भाग्यपूर्ण व निंदनीय: सहजानंद

सहारनपुर में शंकराचार्य आश्रम में पत्रकारों से वार्ता करते महंत सहजानंद ब्रह्मचारी।
सहारनपुर। अखिल भारतीय संत संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष व शाकम्भरी पीठाधीश्वर सिद्ध भैरव तंत्र आचार्य सहजानंद ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदुओं को लेकर जो बयान दिया है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य के ऊपर जगह-जगह केस दर्ज कराकर जेल भेजे जाने की मांग की है।
आचार्य सहजानंद ब्रह्मचारी महाराज सिद्धपीठ शाकम्भरी देवी स्थित शंकराचार्य आश्रम में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान की वह निंदा करते हैं। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजे जाने की मांग की।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने बयान दिया था कि ब्राह्मणवाद की जड़ें बहुत गहरी हैं और सारी विषमता का कारण भी यही है। उन्होंने कहा कि हिंदू नाम का कोई धर्म नहीं है। हिंदू धर्म एक धोखा है।
स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में जगह-जगह उनके पुतले जलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज आचार्य सहजानंद ब्रह्मचारी ने भी आज पत्रकार वार्ता बुलाकर स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान की निंदा की तथा आगामी लोकसभा चुनाव में ऐसे अराजक तत्वों को हराने का भी आह्वान किया।