सुप्रिया सुले का बड़ा बयान, ‘मुश्किल वक्त से गुजर रहा हमारा परिवार, अजित पवार के अधूर सपने को…’

सुप्रिया सुले का बड़ा बयान, ‘मुश्किल वक्त से गुजर रहा हमारा परिवार, अजित पवार के अधूर सपने को…’

राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार पार्टी की कार्याध्यक्ष एवं महासंसदरत्न सांसद सुप्रिया सुले ने नई दिल्ली में अजित पवार के निधन पर पत्रकारों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा परिवार इस समय बहुत कठिन दौर से गुजर रहा है. हम लोग एक-दूसरे का सहारा लेकर आगे बढ़ रहे हैं. आज दादा हमारे बीच नहीं हैं, इसलिए मैं पुरानी बातों को उछालना नहीं चाहती. वे मेरे दादा थे, लेकिन आज वे हमारे साथ नहीं हैं. मेरे और दादा के बीच जो भी चर्चा हुई, वह हमारे बीच ही रही. दादा के अधूरे सपनों को पूरा करने की नैतिक जिम्मेदारी हम सभी पर है.

सुप्रिया सुले ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान आया है. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस मामले की विस्तृत जांच की जाएगी. सुप्रिया सुले ने कहा कि रोहित की बेचैनी स्वाभाविक है. कई सवाल हैं, लेकिन उनके जवाब नहीं मिल पा रहे हैं क्या हुआ, कैसे हुआ, क्या हम उन्हें बचा सकते थे? ऐसे कई सवाल उसके मन में हैं. उसने अपनी बेचैनी भी व्यक्त की है. इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रकरण की विस्तृत जांच कराने का आश्वासन दिया है. हमें उस जांच का इंतजार करना चाहिए.

इस पूरे समय में सभी ने पवार परिवार का साथ दिया- सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले ने आगे कहा कि जब शरद पवार अस्पताल में थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, राजनाथ सिंह, उमर अब्दुल्ला सहित कई लोगों ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए फोन किए थे. सुप्रिया सुले ने कहा कि इस पूरे समय सभी ने पवार परिवार का साथ दिया, इसके लिए मैं दिल से सभी का आभार व्यक्त करती हूं.

रेवती और सारंग की शादी तय होने की घोषणा पर क्या बोलीं?

रेवती और सारंग की शादी तय होने की घोषणा के सवाल पर सुप्रिया सुले ने कहा कि वास्तव में यह चर्चा कई महीनों से चल रही थी. रेवती और सारंग पिछले एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते हैं. मेरा सौभाग्य है कि मुझे छह भाई मिले हैं. मेरे सभी भाइयों ने इस रिश्ते को आशीर्वाद दिया. इसलिए मैं इसे अपना सौभाग्य मानती हूं कि दादा के रहते ही यह शादी तय हो गई थी.

उन्होंने आगे कहा कि यह दुर्भाग्य है कि दादा 28 जनवरी को हमें छोड़कर चले गए, नहीं तो इस शादी की घोषणा पूरी फैमिली 30 तारीख को करने वाली थी. सुप्रिया सुले ने कहा कि एक बात से मुझे दिल से संतोष है कि दादा के आशीर्वाद से ही यह शादी तय हुई.

ट्रेड डील पर दिया ये जवाब

सुप्रिया सुले ने ट्रेड डील पर बात करते हुए कहा कि अगर किसानों का भला होता है तो हम सभी को खुशी होगी. लेकिन ट्रेड डील से भारत को वास्तव में क्या मिलने वाला है? इस पर सरकार की ओर से कोई स्पष्टता नहीं आई है. केंद्र सरकार से अनुरोध है कि जो भी सच्चाई है, उसे पारदर्शी तरीके से जनता के सामने रखें.

उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि केंद्र सरकार एआई पर जोर दे रही है. इस पर विस्तार से बोलते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि दादा के रहते ही कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से खेती और उससे जुड़े उद्योग-धंधों के लिए 500 करोड़ रुपये का बड़ा प्रोजेक्ट दिया गया था.

सुप्रिया सुले ने स्पष्ट रूप से कहा कि  पुणे में ‘कृषक’ सफलतापूर्वक आयोजित हुआ है. यह दादा का सपना था और उसका सही तरीके से पालन किया जाना चाहिए. दादा के अधूरे सपनों को पूरा करने की नैतिक जिम्मेदारी हम सभी पर है.


Leave a Reply