नई दिल्ली । इस साल असामान्य वर्षा होने के चलते कई बार मौसम में बदलाव देखने को मिला है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बार-बार मौसम में बदलाव आ रहा है। राजधानी के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार अल सुबह हुई बरसात से लोगों को प्रदूषण और गर्मी से खासी राहत मिली है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में बृहस्पतिवार को दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा।

इस बीच मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार से लेकर अगले एक हफ्ते तक एक बार फिर पहाड़ों के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पर्वतीय इलाकों के साथ साथ मैदानी इलाकों में 23 और 24 मई तक बरसात का पूर्वानुमान है। मई में बरसात होने से जहां मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी वहीं पर्वतीय इलाकों में चारधाम यात्रा में चुनौतियां भी बढ़ेंगी। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को लोगों ने खासी गर्मी महसूस की थी।

आसमान में छाई गर्द के चलते हवा भी दमघोंटू हो गई थी। लेकिन, बुधवार की मध्यरात्रि के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला और ज्यादातर इलाकों में तेज हवा और गरज के साथ हल्की वर्षा हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा मयूर विहार में 12.5 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। जबकि, लोधी रोड, आयानगर और पूसा मौसम केन्द्र में भी हल्की बरसात हुई। सफदरजंग में 9.6 मिमी वर्षा हुई। इससे तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि, दिन में धूप भी खिली लेकिन मौसम में मौजूद नमी के चलते तापमान में बहुत ज्यादा इजाफा नहीं हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 94 से 40 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बरसात में धुले प्रदूषण के दाग

हल्की वर्षा का सबसे ज्यादा लाभ वायु गुणवत्ता को मिला है। दो दिन पहले राजस्थान से उठी धूल भरी आंधी के चलते दिल्ली के आसमान में धूल का गुबार छा गया था। इसके चलते हवा की गुणवत्ता खराब हो गई थी। लेकिन, वर्षा के चलते यह गुबार बैठ गया है और हवा साफ-सुथरी हो गई। सीपीसीबी के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआइ 149 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को ”मध्यम” श्रेणी में रखा जाता है।