सघन वाहन चैकिंग अभियान चलाकर वसूला समन शुल्क
सहारनपुर [24CN]। सम्भागीय परिवहन विभाग द्वारा जिले में बिना हैलमेट, शीटबैल्ट, बिना कागजात व ओवरलोडिंग वाहनों के चलाए गए सघन चैकिंग अभियान में वाहनों के चालान काटकर 2 लाख 35 हजार रूपए समन शुल्क वसूल किया गया। सम्भागीय परिवहन विभाग द्वारा आज सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी आर. पी. मिश्रा, एआरटीओ सतीश कुमार व पीटीओ के. एन. पांडेय के नेतृत्व में जनपद में कई स्थानों पर सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 142 वाहन चालकों बिना शीटबैल्ड व बिना हैलमेट लाए वाहन चलाते हुए चालान काटे गए। जबकि 9 ओवरलोड ट्रक व 3 बसों के भी चालान किए गए।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी आर. पी. मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा बदले गए नियमों व मिले निर्देशों को लेकर जनपद में लगातार ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज जनपद में चलाए गए अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 2 लाख 35 हजार रूपए का जुर्माना वसूल किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर ओवरलोड व नियमों की अनदेखी कर वाहनों का परिचालन नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार सघन वाहन चैकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जा रहा है।
