दुनिया की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा का सफल आयोजन भारत में ही संभव: अटल कुमार राय

दुनिया की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा का सफल आयोजन भारत में ही संभव: अटल कुमार राय
सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते मंडलायुक्त अटल राय।

सहारनपुर। धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय एकता की प्रतीक कांवड़ यात्रा 2025 के सफल आयोजन का श्रेय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए मंडल के आयुक्त अटल कुमार राय ने कहा कि इतना भव्य और अनुशासित आयोजन केवल भारत में ही संभव है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, संतों-संस्थाओं के सहयोग और पुलिस प्रशासन के समन्वय से यह यात्रा ऐतिहासिक बनी। मंडलायुक्त अटल कुमार राय आज यहां प्रकृति कुंज (दिल्ली रोड, सहारनपुर) में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता करते हुए इस समारोह में सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी, एडीएम प्रशासन संतोष कुमार सिंह, और एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल, पद्मश्री डा. सेठपाल, राजेंद्र अटल (अध्यक्ष, प्रेकृति कुंज), राष्ट्रीय मुस्लिम मंच एवं काष्ठकला निर्यातक असलम सैफी तथा प्रमुख व्यापारी व समाजसेवी शीतल टंडन के सहयोग से हुआ। कमिश्नर अटल कुमार राय ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश जैसे कांवड़ की ऊंचाई 10 फीट तक सीमित रखने से व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी सुविधा मिली।

उन्होंने सहारनपुर में शीघ्र ही सहारनपुर महोत्सव के आयोजन की घोषणा भी की, जिसमें जनपद की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ष्कांवड़ यात्रा धार्मिक नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। समारोह में डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि सामाजिक संगठनों द्वारा किया गया यह सम्मान, प्रशासन का मनोबल और सेवा भावना बढ़ाने का कार्य करेगा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में जनसहभागिता ही सबसे बड़ी ताकत रही।

एसएसपी आशीष तिवारी ने कहा कि इस आयोजन की सफलता में जनता, पुलिस और प्रशासन सभी की भूमिका रही। इस अवसर पर प्रकृति कुंज परिसर में चंदन और पीपल के पौधे भी रोपे गए। पौधारोपण में आयुक्त अटल कुमार राय, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी, एडीएम संतोष सिंह, एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा, जिला सूचना अधिकारी दिलीप गुप्ता सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।