कडी मेहनत व दृढ इच्छा शक्ति से ही मिलती है सफलता: कपिल देव

- सहारनपुर में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव से मुलाकात करते वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी।
सहारनपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व महान क्रिकेटर कपिल देव ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, लगन व दृढ़ इच्छा शक्ति जरूरी है। भारत को सन् 1983 में पहला विश्वकप दिलाने का गौरव हासिल करने वाले विश्व विख्यात क्रिकेटर कपिल देव अपनी धर्म पत्नी रोमी देव के साथ अपनी बहन के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए सहारनपुर आये थे। स्थानीय अंबाला रोड स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में उन्होंने चंडीगढ़ से पहुंचे अपने परिजनों व रिश्तेदारों के साथ शादी की रस्मों में शिरकत की तथा रिश्तेदारों के साथ गूफ्तगू कर उनकी कुशलता के बारे में जानकारी ली। इस दौरान स्पोट्र्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष व व वरिष्ठ पत्रकार जावेद साबरी ने उन्हें अपना व कपिल देव का एक चित्र भी भेंट किया जिस पर उन्होंने ऑल द बेस्ट लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त की।
कपिल देव ने कहा कि उनका सहारनपुर से पुराना नाता रहा है। वह अनेक बार सहारनपुर आए हैं तथा सहारनपुर की गली- गली से वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि वह इस बार काफी दिनों बाद सहारनपुर आए हैं। सहारनपुर में काफी कुछ बदल गया है तथा सहारनपुर इस बार उन्हें खुला-खुला महसूस हो रहा है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लगन, कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छा शक्ति व निरंतर प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए जिससे एक न एक दिन सफलता जरूर मिलती है। इस दौरान इशान साबरी व विक्की शर्मा भी मौजूद रहे।