स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े छात्रों ने डीएम को दिया ज्ञापन

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े छात्रों ने डीएम को दिया ज्ञापन
  • सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जाते स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी।

सहारनपुर। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले सहारनपुर गु्रप ऑफ कालेज संसारनपुर के डीफार्मा व बीफार्मा के छात्रों ने जबरन फीस वसूली व बच्चों को निष्कासित किए जाने के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष सागर गौतम व मोहित चौधरी के नेतृत्व में सहारनपुर ग्रुप ऑफ कालेज संसारपुर के डीफार्मा व बीफार्मा के छात्रों ने जबरन फीस वसूली व विद्यार्थियों को निष्कासित करने के विरोध में कालेज में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा तत्पश्चात सभी छात्रों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। सागर गौतम ने बताया कि पहले सत्र में ही कालेज द्वारा दूसरे सत्र की फीस जबरन वसूली जा रही है। जिन बच्चों ने इसका विरोध किया उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है तथा कुछ छात्रों को कालेज प्रशासन द्वारा झूठी अनुशासनहीनता का हवाला देकर निष्कासित कर दिया गया है। जबकि कुछ छात्रों के परिजनों को नोटिस भेजा जा रहा है। उनका कहना था कि स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया छात्र-छात्राओं के साथ जबरन फीस वसूली को बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि दूसरे सत्र की फीस दूसरे सत्र में ही जमा कराने तथा कालेज से निष्कासित किए गए बच्चों को शीघ्र बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो जिले के छात्र-छात्राओं को साथ लेकर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। आंदोलनकारियों में प्रिंसपाल, अजमल, शावेज, अर्श खान, वासिफ अली, समीर, उमर, ऋतिक सैनी, हर्ष, अभिषेक कुमार, सतेंद्र, अमन, आकाश कुमार, अनस खान आदि छात्र शामिल रहे।